नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में शामिल हुए. यहां उन्होंने जेन-जी युवाओं के साथ भक्ति और आधुनिक संगीत का संगम का भरपूर आनंद लिया.
कार्यक्रम के दौरान फिल्म हनुमान अंश के लोकप्रिय गायक साधु तिवारी ने फिल्म का चर्चित भक्ति गीत जब जिद पर आ गई पार्वती पेश किया. गाना शुरू होते ही पीएम मोदी पूरी तरह भक्ति भाव में डूब गए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में उन्हें भीड़ के साथ तालियां बजाते, खंजरी बजाते और पूरा मजा लेते देखा जा सकता है.
पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ''दिल्ली में भजन क्लबिंग. शानदार!'' हनुमान अंश के अभिनेता शोभिनव सत्य भी इस मौके पर मौजूद थे. उन्होंने पीएम मोदी के व्यवहार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे बच्चों के बीच एक बच्चे की तरह आनंद ले रहे थे. उनके लिए पीएम एक सच्चे संत जैसे हैं.
क्या है भजन क्लबिंग?
यह नया ट्रेंड है जिसमें पारंपरिक भजनों को आधुनिक कॉन्सर्ट स्टाइल, लाइटिंग, लाइव बैंड और हाई एनर्जी प्रोडक्शन के साथ पेश किया जाता है. खासकर युवाओं के बीच यह बेहद लोकप्रिय हो रहा है. शराब-मुक्त माहौल में नाचने, गाने और भक्ति का अनुभव देने वाला यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को आकर्षित कर रहा है. ‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है, जिसे भक्त हनुमान का अवतार मानते हैं. कम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की है.