नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को आज पूरे 25 साल पूरे हो गए हैं. इसी खास मौके पर पीएम मोदी ने फ्लाईदुबई के जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की अदम्य हिम्मत और सूझबूझ को याद करते हुए उनकी भरपूर तारीफ की. पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत के पायलट की चर्चा है, एक दिन वो भी आएगा जब दुनिया ‘Made in India’ प्लेन की चर्चा करेगी.”
उन्होंने बताया कि बीते 25 साल देश की सेवा, बड़े संकल्पों और लगातार आगे बढ़ने की यात्रा रहे हैं. इसी दौरान विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य और मजबूत हुआ है. कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की कहानी पूरे देश को गर्व से भर देने वाली है. फ्लाईदुबई के विमान में को-पायलट के जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने सूझबूझ दिखाकर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की.
उनकी इस कोशिश से यात्री और अन्य क्रू मेंबर अंदर पहुंच सके और विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाई जा सकी. मोदी इससे पहले भी कई बार स्मित की वीरता की सराहना कर चुके हैं. 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन उन्होंने अबू धाबी के अस्पताल में इलाज करा रहे कैप्टन स्मित से करीब 9 मिनट की वीडियो कॉल पर बात की थी. उन्होंने स्मित का हालचाल पूछा, जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है.
पीएम ने कहा कि गंभीर चोट और जीवन-मृत्यु की लड़ाई के बीच भी स्मित ने यात्रियों की जान बचाकर 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया. “भारत के लोग जान लेने वाले नहीं, जान बचाने वाले हैं,” पीएम ने गांधी जयंती के संदर्भ में जोड़ा. उन्होंने स्मित की मां गीता बहन के संस्कारों की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने कृष्ण की गीता को पचाकर बेटे को ये वीर संस्कार दिए हैं. संकट के समय स्मित द्वारा हनुमान चालीसा पढ़ने का जिक्र भी पीएम ने किया.