नई दिल्ली: राजस्थान के बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना ने सभी को हिला कर रख दिया है. पुलिस ने भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष और कार्यकर्ता पुरखाराम कलबी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि उसने 18 सितंबर को एक विवाहिता को खेत पर जा रही थी, तभी चाकू की नोक पर उसका मुंह दबाया, झाड़ियों में ले जाकर बलात्कार किया और उसका वीडियो बना लिया.
पीड़िता के अनुसार, पुरखाराम ने पहले से ही घात लगाकर बैठा था. उसका साथी वीडियो बनाता रहा और बाद में दोनों ने मिलकर महिला को धमकाया – “किसी को बताया तो पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देंगे.”
डर और ब्लैकमेल की इस जद में महिला कई दिन तक चुप रही, लेकिन जब आरोपी ने सचमुच वीडियो वायरल कर दिया, तो उसने हिम्मत जुटाकर गुड़ामालानी थाने में केस दर्ज कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए DSP सुखाराम विश्नोई ने खुद मोर्चा संभाला. 25 दिन की लगातार पड़ताल के बाद मंगलवार को पुलिस ने पुरखाराम कलबी को सिंधासवा हरनियान गांव से दबोच लिया.
पुलिस अब वीडियो बनाने वाले दूसरे शख्स की तलाश कर रही है और पूछताछ में पुरखाराम से कई चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है. पीड़िता ने पुलिस का शुक्रिया कहा है और न्याय की गुहार लगाई है. इलाके में इस घटना से गुस्सा है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.