नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के महोबा में तीन शातिर युवक रातभर लग्जरी कार से घूमते थे, पूरे दिन पैसे उड़ाते थे, ऐश करते थे. लोग हैरान थे कि कोई भी कुछ काम नहीं करता था लेकिन पैसा हमेशा इनके पास कहां से आता है? जब पुलिस ने इनकी कुंडली खंगाली तो रईसी की वजह पता चली. जिसके बाद पुलिस के पैरों तले जमीन भी खिसक गई. इनकी रईसी की वजह जान कर पुलिस वाले हैरान थे. दरअसल, यह युवक रात को कार से निकलते थे और बकरी चोरी करने का काम करते थे और फिर उन चुराई हुई बकरियों को बेच कर ऐश किया करते थे.
आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है? महोबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से बकरी चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को दबोचा है. दोनों शातिरों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था. पुलिस ने इनके पास से चोरी की बकरियों को बेच कर मिले 11,020 रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई डिजायर कार को भी बरामद कर लिया है.
एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर खन्ना थाना पुलिस ने ये स्पेशल ऑपरेशन चलाया था, जिसके तहत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से इन दोनों आरोपियों को दबोचा है. आरोपियों की पहचान कानपुर देहात के थाना गजनेर के ग्राम भिल्सी निवासी मुन्ना उर्फ रफीक और सीताराम के रूप में हुई है. इनमें से एक आरोपी पर चोरी, पशु क्रूरता, गांजा तस्करी और गैंगस्टर एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं. जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले खन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम घंडुआ में तीन बदमाशों ने 6 बकरियां चुराकर डिजायर कार (UP 77 AR 1284) में लादने का प्रयास किया. इसी बीच बकरी मालिक जाग गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. तभी सभी आरोपी भागने लगे तो एक आरोपी बृजराज सिंह कार से गिर गया, जिससे उसे चोट लग गई.
घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसकी ही निशानदेही पर ही अन्य 2 आरोपियों को भी पकड़ लिया गया. पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि काफी समय से बकरी चोरी होने की शिकायतें मिल रही थी. गिरोह के लोग ग्रामीण क्षेत्रों में लग्जरी कार से जाते थे, और बकरी चोरी कर फरार हो जाते थे. लेकिन जब बृजराज पकड़ा गया तो पूरे मामले का खुलासा हो गया.
पुलिस का मानना है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही बकरी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा. गिरफ्तार चोरों ने पुलिस से कहा कि उन्होंने बकरियां बेचकर 17 हजार रुपए कमाए और आपस में बांट लिए. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त एक डिजायर कार, 11020 नकद बरामद किए गए. पकड़े गए मुन्ना का बड़ा आपराधिक इतिहास है, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है.