जंतर-मंतर पर जुटने लगे प्रदर्शनकारी, कई हिरासत में; अभिजीत दिपके मुंबई से दिल्ली रवाना

Amanat Ansari 10 Oct 2026 09:23 AM 1 Mins
जंतर-मंतर पर जुटने लगे प्रदर्शनकारी, कई हिरासत में; अभिजीत दिपके मुंबई से दिल्ली रवाना

नई दिल्ली/मुंबई: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की आमद शुरू हो गई. कई युवा और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचने लगे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया.

इस बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए. वे एयरपोर्ट पहुंचे और दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में सवार हुए. उनके साथ पार्टी के अन्य नेता आशुतोष रांका और सौरव दास भी शामिल हैं. दिपके के दिल्ली पहुंचने का समय सुबह करीब 10 बजे के आसपास बताया जा रहा है.

दिपके ने मुंबई से रवाना होने से पहले कहा कि अगर पुलिस उन्हें हिरासत में लेना या गिरफ्तार करना चाहती है तो वह तैयार हैं. उन्होंने UAPA या NSA लगाने की चुनौती भी दी और कहा कि आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि युवाओं से डरकर दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है.

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. शहर में भारी सुरक्षा बल तैनात है. कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश-निकास बंद रखे गए, दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द की गईं और कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित बताई जा रही हैं. पुलिस का कहना है कि अनधिकृत जमावड़े की अनुमति नहीं दी जाएगी और पहुंचने वाले प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर निर्धारित जगहों पर शिफ्ट किया जाएगा.

प्रदर्शनकारियों का मुख्य मुद्दा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर है. CJP और छात्र संगठनों ने कहा है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखेंगे. दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई है. स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है.

Delhi protest CJP protest Cockroach Janata Party Jantar Mantar

Recent News