टीईटी पास 13 लाख अभ्यर्थियों में नाराजगी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंचे प्रदर्शनकारी

Amanat Ansari 31 Aug 2026 03:27 PM 1 Mins
टीईटी पास 13 लाख अभ्यर्थियों में नाराजगी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंचे प्रदर्शनकारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे टीईटी पास अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है. सोमवार को लखनऊ में बड़ी संख्या में बीटीसी, डीएलएड और टीईटी पास अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंच गए और सरकार से जल्द शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी करने तथा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की.

अभ्यर्थियों का कहना है कि टीईटी पास करने के बाद अब उनकी नजर शिक्षक भर्ती के विज्ञापन पर है. परीक्षा की तैयारी में वर्षों की मेहनत और समय लगाने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है. उन्होंने सरकार से रिक्त शिक्षक पदों का आकलन कर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग की, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार मिल सके.

13 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी सफल

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का परिणाम 26 अगस्त को जारी हुआ था. प्राथमिक स्तर पर 5,71,435 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 7,59,513 अभ्यर्थी सफल हुए. दोनों स्तरों को मिलाकर 13 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी टीईटी पास हुए हैं. परिणाम आने के बाद से अभ्यर्थियों की नजर भर्ती पर टिकी है. उनका कहना है कि सिर्फ परीक्षा पास करना पर्याप्त नहीं, जब तक रिक्त पदों पर भर्ती नहीं होगी, मेहनत का पूरा लाभ नहीं मिलेगा.

विज्ञापन का इंतजार

अभ्यर्थियों के मुताबिक, शिक्षक भर्ती के लिए अधियाचन भेजे जाने की जानकारी सामने आ चुकी है. अब आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार है. विज्ञापन जारी होने के बाद ही पद, विषय, योग्यता और अन्य शर्तों के आधार पर आवेदन संभव होगा. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबा न खींचा जाए. रिक्त पदों की संख्या स्पष्ट कर जल्द विज्ञापन जारी किया जाए और चयन प्रक्रिया पूरी कर योग्य अभ्यर्थियों को स्कूलों में नियुक्ति दी जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

Lucknow Protest UP TET Deputy CM Brajesh Pathak BTC

Recent News