चंडीगढ़: पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. जगमोहन सिंह राजू ने युवा सिख दंपतियों से चार बच्चे पैदा करने की अपील की है. राजू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर मांग की है कि चार बच्चे पैदा करने वाले सिख परिवारों को प्रोत्साहन राशि दी जाए, ताकि सिख समुदाय की घटती आबादी को रोका जा सके.
पत्र में क्या लिखा?
अपने पत्र में जगमोहन सिंह राजू ने लिखा कि सिख समुदाय भारत का संवैधानिक रूप से मान्यता प्राप्त अल्पसंख्यक समुदाय है, लेकिन इसकी प्रजनन दर सबसे कम है. 1991 में पंजाब में सिखों की आबादी 62.95% थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर 57.69% रह गई है.
उन्होंने चेतावनी दी कि यह रुझान जारी रहा तो सिख समुदाय की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान खतरे में पड़ सकती है. उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू द्वारा शुरू की गई योजना का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब सरकार भी तीसरे और चौथे बच्चे पर आर्थिक मदद दे.
नेता का बयान
राजू ने स्पष्ट किया कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है, पार्टी की आधिकारिक लाइन नहीं. उन्होंने कहा कि सिख समुदाय देश की आजादी, रक्षा और कृषि में अहम योगदान देता रहा है. उनकी जनसंख्या बढ़ाने से पंजाब की डेमोग्राफी को संतुलित रखने में मदद मिलेगी.
यह अपील ऐसे समय में आई है जब दक्षिण भारतीय राज्यों में भी जनसंख्या बढ़ाने को लेकर योजनाएं शुरू हो रही हैं. पंजाब में इस मुद्दे पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. अभी तक मुख्यमंत्री भगवंत मान या AAP सरकार की ओर से इस पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.