मंगलवार को सदन में उस समय हंगामा मच गया जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद अनुराग ठाकुर ने जाति को लेकर अपनी बात रखी. वैसे लोकसभा में पहले से ही हंगामा हो रहा था, लेकिन अनुराग ठाकुर ने जैसे ही कहा, जिन लोगों को उनकी जाति का पता नहीं वे जनगणना की बात करते हैं, सपा-कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी नेता अनुराग ठागुर को घेरने लगे. इसी बीच राहुल गांधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पर गाली देने का आरोप लगा दिया.
राहुल गांधी ने कहा जो भी आदिवासी, दलित और पिछड़े के मुद्दे को सामने रखता है, उसे गालियां दी जाती है. उन्होंने कहा कि मैं इन गालियों को खुशी-खुशी स्वीकर करता हूं. राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने मुझे गाली दी और मेरा अपमान किया, लेकिन मैं उनसे माफी मांगने के लिए नहीं कहूंगा. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जैसे महाभारत के समय अर्जुन की निगाह मछली की आंख पर थी, वैसे ही मेरा लक्ष्य जातिगत जनगणना पर है और सत्ता में आते ही हम इसे जरूर कराएंगे.
राहुल गांधी ने कहा कि इसी बात पर मुझे गालियां दी गई, लेकिन मैं अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटूंगा. इस पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैंने कहा था कि जो जाति के बारे में नहीं जानते हैं वह जनगणना की बात करते हैं. उन्होंने कहा कि मैंने किसी का भी नाम नहीं लिया, इसे राहुल गांधी अपने पर ले रहे हैं. अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के ही पूर्व प्रधानमंत्रियों ने जातिगत जनगणना का विरोध किया था. उन्होंने कहा था कि इंदिरा गांधी और जवाहर लाल ने भी जातिगत जनगणना का विरोध किया था.
दोनों में बहस चल ही रहा था कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने आप को नहीं रोक पाए और मैदान में कूद पड़े. उन्होंने राहुल गांधी का साथ देते हुए कहा कि अनुराग ठाकुर पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और वह बड़ी पार्टी के नेता भी हैं. अपने भाषण में उन्होंने महाभारत के शकुनी और दुर्योधन का जिक्र किया, लेकिन मैं सिर्फ इतना पूछ रहा हूं कि अनुराग ठाकुर ने कैसे जाति पूछी. उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर सदन में जाति नहीं पूछ सकते हैं.
इस दौरान विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया और वेल में आ गए. अखिलेश यादव की इस बात पर स्पीकर की कुर्सी पर बैठे जगदंबिका पाल ने भी कहा कि सदन में कोई जाति नहीं पूछेगा. उन्होंने कहा कि वह बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर के भाषण की जांच करेंगे और अगर उन्होंने गाली दी होगी तो उसे सदन की कार्यवाही से निकाल दिया जाएगा.