''जब तक FIR नहीं होगी, हम नहीं हटेंगे...'' पैलेट गन पीड़ित के साथ थाने पर धरना दे रहे राहुल गांधी

Amanat Ansari 21 Aug 2026 04:25 PM 1 Mins
''जब तक FIR नहीं होगी, हम नहीं हटेंगे...'' पैलेट गन पीड़ित के साथ थाने पर धरना दे रहे राहुल गांधी

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग स्थित पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दे रहे हैं. वे 20 जुलाई के छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पेलेट गन से घायल हुए साहिल लोचब के साथ पहुंचे हैं और FIR दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं. राहुल गांधी ने साफ कहा, “जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, हम यहां से नहीं हटेंगे.”

क्या कहा राहुल गांधी ने?

राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया था. एम्स की रिपोर्ट के अनुसार, साहिल के शरीर में 200 से अधिक छर्रे हैं, जिनमें से तीन आंख में हैं. उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है और कुछ छर्रे दिल के पास भी हैं, जिन्हें निकाला नहीं जा सकता.

उन्होंने कहा, “दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने पेलेट गन नहीं चलाई. ऐसे में सवाल उठता है कि गोली किसने चलाई? अपराध हुआ है और हमारी मांग है कि इस मामले में FIR दर्ज की जाए.” राहुल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बताया कि उसे ऊपर से आदेश मिला है, इसलिए FIR दर्ज नहीं कर सकती.

धरने में शामिल हुए कई नेता

राहुल गांधी के साथ साहिल लोचब और उनकी मां भी मौजूद हैं. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के कई नेता भी वहां पहुंच गए हैं. RAF के जवान भी थाने के बाहर तैनात किए गए हैं.

दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा राहुल गांधी के संपर्क में हैं. शिकायत ली जा चुकी है और 20 जुलाई को दर्ज सभी मामलों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. शिकायत को भी क्राइम ब्रांच को भेज दिया जाएगा.

यह घटना 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ी है. विपक्ष पेलेट गन के इस्तेमाल का आरोप लगा रहा है, जबकि पुलिस इससे इनकार करती रही है. राहुल गांधी न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं.

Rahul Gandhi Parliament Street Police Station Rahul Gandhi sit-in protest pellet gun

Recent News