नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) जोन में मैकेनिकल विभाग की एक जूनियर इंजीनियर महिला कर्मचारी ने चीफ रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (CRSE) अमितोज वल्लभ पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि आरोपी अधिकारी लंबे समय से उन्हें अश्लील संदेश भेज रहे हैं और बिना किसी कार्य के अपने केबिन में बुलाते हैं.
शुरुआत में महिला ने इन संदेशों को नजरअंदाज किया, लेकिन इससे अधिकारी की हिम्मत और बढ़ गई. आखिरकार परेशान होकर उन्होंने WCR की जनरल मैनेजर शोभना बंद्योपाध्याय को लिखित शिकायत सौंपी. जीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है, जो शीघ्र रिपोर्ट सौंपेगी.
इस घटना के सामने आने के बाद रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) की महिला इकाई ने जोरदार विरोध जताया. शुक्रवार को जोनल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर उन्होंने आरोपी अधिकारी को तत्काल पश्चिम मध्य रेलवे जोन से बाहर ट्रांसफर करने की मांग की. संघ के कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि महिला कर्मचारियों का सुरक्षित माहौल बना रहे.
यह मामला रेलवे जैसे बड़े संगठन में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और POSH एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन पर नए सिरे से सवाल खड़े करता है. जांच के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं.