रामदास अठावले ने राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी को अमर्यादित बताया, सार्वजनिक माफी की मांग की

Global Bharat 15 Dec 2025 11:56: PM 1 Mins
रामदास अठावले ने राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी को अमर्यादित बताया, सार्वजनिक माफी की मांग की

नई दिल्ली: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने कहा कि आरपीआई राहुल गांधी से संसद के पटल पर और देश से माफी मांगने की मांग करती है. 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी अमर्यादित और अस्वीकार्य है और सार्वजनिक मंच से दिये ऐसे बयान से कांग्रेस का असली चरित्र सामने आ गया है. केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के असंयमित बयान और कांग्रेस की हरकतें उनकी हताशा को दर्शाती हैं, क्योंकि वे चुनावों में लगातार मिलती हार के बाद अब संवैधानिक संस्थाओं को भी निशाना बना रहे हैं.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबासाहेब आंबेडकर रचित संविधान को धर्मग्रंथ सरीखा सम्मान देते हैं और प्रधानमंत्री हमेशा पार्टी नेताओं को विपक्ष को दुश्मन नहीं, बल्कि राजनीतिक विरोधी मानने की सलाह देते हैं और संसदीय मर्यादाओं का पालन करने पर जोर देते हैं.

आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विकास पर पैनी नज़र और परिणाम हासिल करने की उनकी प्रामाणिक क्षमता से मिली लोकप्रियता से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बेहद निराश हैं और हताशा में आकर राहुल गांधी ने देश की संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पद पर पीएम पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन किया है.

Ramdas Athawale Rahul Gandhi comments PM Modi

Description of the author

Recent News