तेलंगाना के रासायनिक फैक्ट्री में बड़ा धमाका, 10 मजदूरों की मौत, 26 अन्य जख्मी, रिएक्टर में विस्फोट के बाद भागते दिखे लोग

Amanat Ansari 30 Jun 2025 02:20: PM 1 Mins
तेलंगाना के रासायनिक फैक्ट्री में बड़ा धमाका, 10 मजदूरों की मौत, 26 अन्य जख्मी, रिएक्टर में विस्फोट के बाद भागते दिखे लोग

संगारेड्डी: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशम्यलारम औद्योगिक क्षेत्र में सिगाची केमिकल्स कारखाने में एक रिएक्टर में विस्फोट होने से कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई और 26 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा पटांचेरु में हुआ, जहां नियमित काम के दौरान रिएक्टर में अचानक विस्फोट हो गया.

विस्फोट के बाद कारखाने में भीषण आग लग गई, जिसके बाद आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट बिना किसी चेतावनी के हुआ, जिससे मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला. छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. कम से कम 26 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से दो-तीन की हालत गंभीर है.

पुलिस महानिरीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि आग पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है. उन्होंने कहा, “इस हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है और 26 लोग गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती हैं.” उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मी, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), हाइड्रा क्रेन और स्थानीय पुलिस बचाव कार्य में जुटी है.

सत्यनारायण ने कहा, “हादसे के समय कारखाने में करीब 150 मजदूर मौजूद थे, जिनमें से लगभग 90 उस जगह पर थे जहां विस्फोट हुआ.”

स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन कर्मी बचाव और आग को नियंत्रित करने में जुटे हैं. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और आग को फैलने से रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं.

विस्फोट की सटीक वजह जानने और यह पता लगाने के लिए कि क्या सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था, जांच शुरू कर दी गई है. अभी तक कारखाने को हुए नुकसान की पूरी जानकारी नहीं मिली है.

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली. उन्होंने इस घटना पर दुख जताया और राहत कार्यों को तेज करने के आदेश दिए. उन्होंने निर्देश दिया कि कारखाने में फंसे किसी भी मजदूर को बचाने और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं.

Sangareddy pharma blast Telangana explosion Pharma company fire Sigachi Pharma blast

Recent News