बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सोशल मीडिया पर अश्लील और भ्रामक वीडियो बनाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान हसन खान के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर रील बनाकर लोगों को गुमराह करने और महिलाओं की निजता का उल्लंघन करने के मामलों में शामिल था. पुलिस के अनुसार, हसन खान पर आरोप है कि वह हिंदू शादियों और पारिवारिक कार्यक्रमों में बिना अनुमति के घुस जाता था और वहां मौजूद महिलाओं के वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर अश्लील तरीके से पेश करता था.
इतना ही नहीं, वह खुद को फर्जी पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश भी करता था, जिससे लोग उसकी हरकतों का विरोध न कर सकें. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर वायरल होने और आर्थिक लाभ के लिए इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था. पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि उसे किसी प्रकार की बाहरी फंडिंग या समर्थन मिल रहा था या नहीं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना इज्जतनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद हसन खान का रवैया पूरी तरह बदल गया. बताया जा रहा है कि वह हवालात में हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया और खुद को निर्दोष बताते हुए दया की गुहार लगाता रहा. वह हर हिंदू महिला को अपनी बहन बताकर अपनी गलती पर पछतावा जताता दिखा.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें समाज में असामाजिक माहौल पैदा करती हैं और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं. फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.