कानपुर: यूपी के कानपुर में रविवार रात रोड रेज ने एक बार फिर दिल दहला देने वाला रूप लिया. किदवई नगर के बाईपास पर बाइक टकराने के मामूली विवाद में तीन युवकों ने पिता और बेटे की क्रूरता से हत्या कर दी. घटना इतनी भयानक थी कि पूरा इलाका सन्न रह गया. सनिगवां (सजारी) निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ किदवई नगर के कनक मार्बल में काम करते थे.
कानपुर के नौबस्ता में दो लोगों को सरेराह चाकुओं से गोद दिया गया। बताते हैं कि झगड़ा गाड़ियों के आपस में टकराने से शुरू हुआ था।#kanpurpolice pic.twitter.com/8xcFvcVbic
— SANJAY TRIPATHI (@sanjayjourno) May 25, 2026
रविवार रात करीब 9 बजे काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी वृंदावन लॉन के पास उनकी बाइक एक अपाचे बाइक से टकरा गई. टक्कर के बाद तीनों युवकों ने पहले गाली-गलौज शुरू की, फिर हेलमेट से जमकर पीटा और अचानक चाकू निकालकर हमला बोल दिया. शिवनारायण त्रिवेदी की छाती में चाकू घोंपा गया, शिवम के पेट में चाकू मारा गया और सत्यम की पीठ में चाकू लगा.
घटना स्थल पर ही शिवनारायण और शिवम की मौत हो गई. सत्यम घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है. लोगों ने एक आरोपी शिवा वर्मा (कानपुर देहात) को पकड़कर पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया. दो अन्य आरोपी, करन वर्मा और उत्सव अवस्थी फरार हैं. पुलिस दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
हमले का 38 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवकों को हेलमेट और चाकू से हमला करते देखा जा सकता है. पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि यह रोड रेज का मामला है, किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा नहीं है.