UP में 5 बदमाशों ने फ़िल्मी अंदाज में दिनदहाड़े दिया डकैती की वारदात को अंजाम

Global Bharat 30 Aug 2024 05:19: PM 2 Mins
UP में 5 बदमाशों ने फ़िल्मी अंदाज में दिनदहाड़े दिया डकैती की वारदात को अंजाम

बॉलीवुड फिल्मों में आपने अक्सर लूट या डकैती के सीन देखे होंगे, लेकिन उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर इलाके में दिन दहाड़े 5 बदमाशों ने फ़िल्मी अंदाज में डकैती को अंजाम दिया है. जिस तरीके से इन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया आप भी कहेंगे ऐसा तो सिर्फ फिल्मों में होता है. दरअसल सुल्तानपुर के चौक इलाके के माजोरगंज मोहल्ले की एक ज्वेलरी शॉप में बुधवार दोपहर को हुई दिनदहाड़े डकैती ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया. इस वारदात के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है. स्थानीय पुलिस स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित इस दुकान के बाहर से पांच बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूटपाट की. इस घटना के बाद घन्टाघर चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह और चार सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है. 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ और एडीजी जोन एसबी शिरोडकर ने बुधवार रात से ही सुल्तानपुर में कैंप लगा लिया है. इन अपराधियों को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस, एसटीएफ, और स्वाट टीम के साथ सर्विलांस यूनिट भी सक्रिय हो गई है. कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, जिसमें एक आरोपी वित्तीय संस्थान में काम करता है.

घटना का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें पांच अपराधी एक-एक करके दुकान में घुसते दिख रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकान का एक कर्मचारी बाहर खड़ा था, एक अपराधी ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और उसे कॉलर पकड़कर अंदर घसीट लिया. यह पूरी घटना सोनार मंडी क्षेत्र में हुई, जहां छोटे-बड़े सभी प्रकार के सर्राफा व्यापारी आते हैं. यहां आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी व्यापारी खरीद-फरोख्त करने के लिए आते हैं.

बुधवार दोपहर 12:54 बजे के करीब पांच बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ज्वेलरी शॉप के पास रुके. दुकान के बाहर खड़े एक अधेड़ उम्र के कर्मचारी को अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर अंदर घुसने पर मजबूर किया. इस दौरान एक अपराधी को याद आया कि उसने बैग मोटरसाइकिल के डिक्की में छोड़ दिया है. वह तुरंत दौड़कर वापस आता है और बैग लेकर दुकान में दाखिल हो जाता है. इस तरह से पूरी घटना को अंजाम दिया गया. बदमाशों ने डकैती को महज 4 मिनट 4 सेकेंड में अंजाम दिया. सोने-चांदी के गहनों से 2 बड़े बैग भरे और फरार हो गए. 12.58 बजे पांचों बदमाश कैश, सोने-चांदी के आभूषण बैग में भरकर बाहर निकले और फरार हो गए. एक बैग का वजन इतना भारी था कि उसे उठाने में बदमाशों को दिक्कत हो रही थी. अगल-बगल की दुकानों पर खड़े लोग कुछ भांप नहीं पाए.

पीड़ित कारोबारी भरत सोनी ने बताया कि करीब 2 करोड़ के सामान की लूट हुई है. 5 लाख कैश भी बदमाश ले गए. दुकान में घुसते ही डकैतों ने असलहे तान दिए. वहां मौजूद सभी लोगों का सिर झुका दिया. फिर बदमाश सीधे लॉकर और कैशबॉक्स तक पहुंच गए. पुलिस ने वारदात के वीडियो और गवाहों की मदद से अपराधियों की पहचान शुरू कर दी है. सुल्तानपुर के व्यापारी इस घटना के बाद काफी दहशत में हैं और प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.

Recent News