रामपुर: अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी की अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामले के अनुसार, गांव की एक किशोरी के पास पड़ोस का युवक फोन करता था. परिवार की गैर-मौजूदगी में वह किशोरी के घर आने लगा. आरोपी ने किशोरी को झांसे में लेकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली और वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल कर दी.
वीडियो गांव में फैलने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी हुई. उन्होंने आरोपी पक्ष से शिकायत की तो उल्टे धमकियां मिलीं. दोनों परिवारों के बीच कहासुनी भी हुई. इसके बाद परिजन अजीमनगर थाने पहुंचे और पूरी बात पुलिस को बताई.
प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि फैसल, अदनान और असगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.