शामली: पुलिस पर टूट पड़े ग्रामीण, लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर वर्दी फाड़ी

Amanat Ansari 02 Dec 2025 11:51: PM 1 Mins
शामली: पुलिस पर टूट पड़े ग्रामीण, लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर वर्दी फाड़ी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में भरण-पोषण की राशि वसूलने गए पुलिस दल पर सोमवार शाम ग्रामीणों ने जानलेवा हमला बोल दिया. मामला सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव हरियाणा का है. कोर्ट के वारंट लेकर पहुंची पुलिस टीम जैसे ही आरोपी राजू के घर पहुंची और वारंट पढ़कर सुनाने लगी, तभी राजू और उसके परिवार वालों ने पहले वारंट छीनकर फाड़ दिया, फिर लाठी, डंडे, सरिया और धारदार हथियार लेकर टूट पड़े.

हमलावरों ने दो सिपाहियों, रोहित कुमार और सुमित कुमार की वर्दी फाड़ दी और दोनों को बुरी तरह पीटा. दोनों जवान चोटिल हो गए. पुलिस पर हमला होते देख बाकी जवान जैसे-तैसे जान बचाकर बाहर निकले और तुरंत सूचना दी. मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा तब जाकर स्थिति काबू में आई. इस दौरान ग्रामीण आरोपी राजू को लेकर फरार हो गए.

पुलिस ने राजू, उसके भाई सोनू, फकीरा उर्फ फकीरचंद, शांति, भूरी और हरवती सहित छह लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, वर्दी फाड़ने और जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया है. अभी तक तीन आरोपी  फकीरा, भूरी और शांति को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकियों की तलाश जारी है.

दरअसल, राजू पर अपनी पत्नी को चार लाख 62 हजार रुपये भरण-पोषण देने का कोर्ट का आदेश था, जिसे वह बार-बार टाल रहा था. कोर्ट ने कई बार समन भेजने के बाद अंततः वारंट जारी किया था. घटना के बाद गांव में भारी तनाव है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. सीओ पंकज त्यागी ने साफ कहा है कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

Shamli crime attack on police UP police assault on police

Recent News