महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा मोड़ आया है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार ने हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में यह घोषणा की कि वे अब कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे. यह बयान उन्होंने महाराष्ट्र के बारामती में एक रैली के दौरान दिया, जब आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं. शरद पवार ने कहा, "मैं अब चुनाव नहीं लड़ूंगा. मैंने अब तक 14 बार चुनाव लड़ा है, लेकिन अब मुझे लगता है कि मुझे राजनीति से हटकर समाज सेवा करनी चाहिए और युवा पीढ़ी को नेतृत्व सौंपना चाहिए."
शरद पवार का यह बयान उनके राजनीतिक करियर के एक अहम मोड़ को दर्शाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अब सत्ता के पीछे नहीं हैं, बल्कि उनका उद्देश्य समाज की सेवा करना है. "मैंने राजनीति में अपनी भूमिका निभाई है और अब मुझे लगता है कि युवा नेता आगे आकर राज्य की राजनीति की जिम्मेदारी लें." पवार ने यह भी कहा कि उनका राजीव सभा में एक और डेढ़ साल का कार्यकाल बचा है, लेकिन इसके बाद वे आगे चुनाव में शामिल नहीं होंगे.
पवार ने अपनी बातों में यह भी कहा कि "मैं सत्ता के लिए राजनीति नहीं करता. मेरा लक्ष्य हमेशा समाज की सेवा करना रहा है. इसलिए, अब मुझे अपने स्थान से हटकर नई पीढ़ी को मौका देना चाहिए."
इससे पहले, पवार के भतीजे अजित पवार ने शरद पवार की उम्र को लेकर कुछ आलोचनात्मक बयान दिए थे. अजित ने कहा था कि शरद पवार को अब राजनीति से रिटायर हो जाना चाहिए. इस पर शरद पवार ने जवाब देते हुए कहा था कि वह जब तक राजीव सभा में हैं, तब तक अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, लेकिन इसके बाद वे चुनावी राजनीति से संन्यास ले लेंगे.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने जा रहे हैं, और मतगणना 23 नवंबर को होगी. 2019 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 105 सीटें जीती थीं, जबकि शिवसेना को 56 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं. 2014 में भाजपा ने 122 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी. शरद पवार का यह कदम महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू कर सकता है, जिसमें युवा नेताओं को आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है.