गाजियाबाद: पेट दर्द से कराह रही थी छात्रा, माता-पिता ने कारण पूछा तो हुआ भयानक खुलासा

Amanat Ansari 26 Dec 2025 12:17: AM 2 Mins
गाजियाबाद: पेट दर्द से कराह रही थी छात्रा, माता-पिता ने कारण पूछा तो हुआ भयानक खुलासा

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक 16 वर्षीय कक्षा 10वीं की छात्रा के साथ करीब एक साल तक बलात्कार करने का दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है. यह राज तब खुला जब पीड़िता गर्भवती हो गई और परिवार वालों को इसकी भनक लगी. परिजनों के पूछने पर छात्रा ने रोते-बिलखते पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर घरवाले स्तब्ध रह गए. पुलिस ने विजयनगर थाने में POCSO एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है.

घटना विजयनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की एक सोसाइटी की है, जहां पीड़िता अपने परिवार के साथ रहती है. छात्रा की शिकायत के मुताबिक, स्कूल आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात मयंक नाम के एक युवक से हुई. शुरू में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन धीरे-धीरे आरोपी ने उसे बहकाना शुरू कर दिया और एक दिन मिलने के लिए बुलाया.

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने एक दिन धोखे से उसे अपनी कार में बिठाया और वहां जबरन शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान उसने पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया. इसके बाद जब भी वह मिलने से इनकार करती, आरोपी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देता. एक बार तो उसने वीडियो स्कूल में फैलाने की धमकी दी, जिससे डरकर छात्रा उसके जाल में फंस गई.

आरोपी ने इस ब्लैकमेल का इस्तेमाल कर लगातार एक साल तक पीड़िता का यौन शोषण किया. इस दौरान छात्रा का वजन अचानक बढ़ने लगा. परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां पहले तो डॉक्टरों ने इसे किशोरावस्था के सामान्य बदलाव समझकर साधारण दवाइयां दीं. खून की जांच में हार्मोन असंतुलन बताया गया और कुछ दिन और दवा दी गई.

लेकिन जब एक रात अचानक तेज पेट दर्द हुआ, तो परिजन उसे अस्पताल ले गए. वहां जांच से पता चला कि छात्रा कई महीनों से गर्भवती है. यह सुनकर परिवार सदमे में आ गया. घर लाकर जब छात्रा से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने डरते-डरते सब कुछ बता दिया – कार में पहली बार बलात्कार, वीडियो बनाना, ब्लैकमेल करना, विरोध करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकियां देना.

पूरी बात जानने के बाद परिजन तुरंत विजयनगर थाने पहुंचे और आरोपी मयंक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर POCSO और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

Ghaziabad Hindi News Ghaziabad Rape Case Latest rape news Minor girl rape

Recent News