Ketan Murder Case: महाराष्ट्र के लोहगढ़ किले में युवा कारोबारी केतन अग्रवाल की पहाड़ी से धकेलकर हत्या का मामला दिन-ब-दिन और खौफनाक होता जा रहा है. पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने इस हत्याकांड को अंजाम देने से पहले गूगल पर मर्डर का तरीका सर्च किया था. दोनों ने हत्या की जगह का चुनाव करने से लेकर पुलिस को गुमराह करने की स्क्रिप्ट तक की पूरी रिहर्सल कर ली थी.
पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को भारी सुरक्षा के बीच लोहगढ़ किले पर ले जाकर पूरा क्राइम सीन री-क्रिएट कराया. जांच से पता चला कि सिया और चेतन ने इस वारदात को किसी प्रोफेशनल क्रिमिनल की तरह प्लान किया था.
पहले भी की थी हत्या की कोशिश
18 जून को हुई हत्या से पहले 14 जून को सिया केतन को इसी किले पर ले गई थी और उसे धक्का दे दिया था. केतन की किस्मत अच्छी थी कि वह नीचे उगी झाड़ियों को पकड़कर बच गया. उस समय सिया ने तुरंत नाटक रचा, सांप-सांप चिल्लाकर केतन को गले लगा लिया, ताकि उसे संदेह न हो.
जन्मदिन के बहाने दी घातक ट्रैप
14 जून की नाकामी के बाद सिया ने हार नहीं मानी. 18 जून को अपने जन्मदिन का बहाना बनाकर केतन को दोबारा ट्रेकिंग के लिए लोहगढ़ किले ले आई. इस बार उसने चेतन को भी पहले से वहां बुला रखा था. तय जगह पर सिया के बैठते ही चेतन ने पीछे से केतन को जोरदार धक्का दे दिया. केतन 300 फीट गहरी खाई में गिरकर अपनी जान गंवा बैठा.
प्लान B और प्लान C भी तैयार
आरोपियों ने सिर्फ एक प्लान नहीं बनाया था. अगर मुख्य प्लान फेल हो जाता तो उनके पास प्लान C भी तैयार था. पकड़े जाने पर पुलिस को क्या कहानी सुनानी है, इसकी स्क्रिप्ट उन्होंने पहले से रट ली थी. सबूत मिटाने के लिए दोनों ने मोबाइल की चैट हिस्ट्री और रीसायकल बिन तक साफ कर दिया था.
शादी की शाही तैयारी
केतन और सिया की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में भव्य शादी तय थी. केतन के परिवार ने जयपुर में 17 करोड़ रुपये का आलीशान महल बुक किया था और बारात के लिए दो प्राइवेट जेट की व्यवस्था भी की जा चुकी थी. लेकिन सिया परिवार के सामने चेतन से शादी करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई और केतन को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भावुक अपील की है कि 18 जून को किले पर मौजूद पर्यटक आगे आएं और पुलिस को सहयोग करें. पुलिस अब दोनों आरोपियों के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच कर रही है. यह मामला युवाओं में प्रेम, धोखे और क्रूरता की घटती सीमा को दिखाता है.