नई दिल्ली: दिल्ली में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की उनकी पत्नी रेखा और उसके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. दोनों के बीच घरेलू विवाद के बाद यह घटना हुई. मृतक के परिवार ने पत्नी और 6-7 अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है. विनय गुप्ता लक्ष्मी पार्क के रहने वाले थे और नोएडा स्थित एडोब में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करते थे. परिवार के अनुसार उनका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपये था.
तीन साल पहले रेखा से उनकी शादी हुई थी. दोनों के जुड़वां बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं. विनय की मां के अनुसार, एक बच्चे को दवा देने को लेकर दोनों में बहस हुई. विनय ने ऊंची आवाज में बात की तो रेखा नाराज होकर घर से निकल गई. करीब 10 मिनट बाद वह अपने मायके के सदस्यों के साथ लौटी. परिवार का आरोप है कि रेखा अपने दो भाई, भाभी, पिता, एक चाचा और एक अन्य व्यक्ति के साथ आईं. फिर उन्होंने घर के अंदर विनय पर हमला बोल दिया.
परिवार का कहना है कि हमलावरों ने विनय को बार-बार मारा, गला घोंटा और छाती पर हाथ-पैर से वार किए. माता-पिता ने रोकने की कोशिश की, लेकिन हमला जारी रहा. आरोप है कि हमला पहले से योजनाबद्ध था और रेखा ने घर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे. हमले के बाद पड़ोसी विनय को कंधे पर उठाकर बाहर लाया.
वह खड़े नहीं हो पा रहे थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें पत्नी रेखा, उसके दो भाई और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस जांच जारी है.