सैफई में चचेरे भाई की शादी में जुटा पूरा ‘सपा परिवार’, अपर्णा-प्रीतक के साथ नजर आए अखिलेश

Amanat Ansari 26 Nov 2025 10:04: AM 1 Mins
सैफई में चचेरे भाई की शादी में जुटा पूरा ‘सपा परिवार’, अपर्णा-प्रीतक के साथ नजर आए अखिलेश

इटावा: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव की शादी लद्दाख की सेरिंग से धूमधाम से संपन्न हुई. सैफई महोत्सव पंडाल में आयोजित इस भव्य समारोह में सपा का पूरा कुनबा एक मंच पर दिखा और परिवार की एकजुटता की तस्वीर खींची गई.

खास नजारा तब बना जब मंच पर अखिलेश यादव के साथ उनकी भाभी अपर्णा यादव और प्रतीक यादव भी मुस्कुराते हुए नजर आए. डिंपल यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव समेत यादव परिवार के सभी बड़े चेहरे मौजूद रहे. दुल्हन सेरिंग अपने लद्दाखी पारंपरिक परिधान में थीं, जबकि दूल्हा आर्यन शेरवानी में. दोनों पक्षों के परिजनों का एक साथ मंच साझा करना समारोह की सबसे सुर्ख़ तस्वीर रही.

शादी में राजनीतिक रंग भी खूब चढ़ा. सपा सांसद अफजाल अंसारी, मोहिबुल्लाह नदवी, दर्जनों विधायक-पूर्व विधायक और हजारों कार्यकर्ता सैफई पहुंचे. सबसे चौंकाने वाली मौजूदगी रही योगी कैबिनेट मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की. अखिलेश ने खुद उनका स्वागत किया और अन्य मेहमानों से मिलवाया.

लद्दाख और उत्तर प्रदेश की दो अलग संस्कृतियों का यह मिलन पूरे आयोजन को अनोखा बना गया. पंडाल में हजारों की भीड़ जयमाला से लेकर विदाई तक मौजूद रही. सपा समर्थकों के लिए यह शादी सिर्फ पारिवारिक खुशी नहीं, बल्कि 2027 के पहले परिवार की एकता का बड़ा संदेश भी थी.

सैफई की रात यादव परिवार की एकता और सियासी गलबहियां लिखने वाली रात बन गई.

SP family SP cousin wedding Saifai Akhilesh Aparna Preetak

Recent News