'कंगना बच के रहना, सायोनी न हथिया ले जगह...' सपा विधायक की अशोभनीय पोस्ट, पुलिस ने दर्ज किया केस

Amanat Ansari 18 Jun 2026 04:48: PM 1 Mins
'कंगना बच के रहना, सायोनी न हथिया ले जगह...' सपा विधायक की अशोभनीय पोस्ट, पुलिस ने दर्ज किया केस

प्रतापगढ़: अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सपा विधायक बुरी तरह फंस गए हैं. पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक डॉ. राकेश कुमार वर्मा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, ''कंगना मैडम बच के रखना पूरा होस, कहीं आपकी जगह न हथिया ले सायोनी घोष.''

इस पोस्ट के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना रनौत और सायोनी घोष की एक तस्वीर भी लगाई गई थी. पोस्ट वायरल होने के बाद तीखी प्रतिक्रियाएं आईं और इसे महिला सम्मान के खिलाफ बताया गया. भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंशुमान सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया कि विधायक की टिप्पणी अपमानजनक, अशोभनीय और महिला गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है.

साइबर पुलिस थाना प्रभारी राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि विधायक डॉ. आरके वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर अपमान) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे जनप्रतिनिधि के स्तर के अनुरूप नहीं बताते हुए निंदा की है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की भाषा शालीनता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादा के खिलाफ है. सपा विधायक की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और भाषा की मर्यादा को लेकर बहस छेड़ गई है.

Objectionable post Kangana Ranaut UP Police SP MLA case

Recent News