लखनऊ : संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद ने अब नया कानूनी मोड़ ले लिया है. समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने यह कार्रवाई दूसरे पक्ष की शिकायत पर की है, जिसमें एससी-एसटी एक्ट समेत बीएनएस की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.
मामला 18 सितंबर की रात बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा चौराहे का है. गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान सांसद पप्पू निषाद का काफिला वहां पहुंचा. भीड़ के बीच उनकी गाड़ी फंसने के बाद कथित तौर पर पथराव हुआ और वाहन का शीशा टूट गया. सांसद ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी और काफिले पर हमला किया गया, इसके बाद उनकी शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज हुआ.
मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब संतोषपुर निवासी विशाल कुमार ने सांसद और उनके समर्थकों के खिलाफ शिकायत दी. शिकायत के मुताबिक, काफिले की गाड़ी की चपेट में आने से वह गिर गया और घायल हो गया. उसने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी गई.
पुलिस ने विशाल कुमार की शिकायत पर पप्पू निषाद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव और अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. इसके साथ एससी-एसटी एक्ट भी लगाई गई है.
यानी इस मामले में अब क्रॉस FIR हो चुकी है. एक तरफ सांसद की शिकायत पर पथराव और तोड़फोड़ के आरोपों की जांच हो रही है, तो दूसरी तरफ सांसद और उनके समर्थकों पर मारपीट, धमकी और जातिसूचक व्यवहार के आरोपों की जांच चल रही है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और गवाहों के बयान जुटाए जा रहे हैं. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.