यूपी के होंगे चार टुकड़े! पूर्वांचल बनेगा अलग राज्य, जाने कौन होगा पहला सीएम, सामने आया बड़ा दावा

Global Bharat 20 Sep 2026 11:59 PM 1 Mins
यूपी के होंगे चार टुकड़े! पूर्वांचल बनेगा अलग राज्य, जाने कौन होगा पहला सीएम, सामने आया बड़ा दावा

देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सामाजिक समरसता महारैली में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश के बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटेगा और अलग पूर्वांचल राज्य बनने की स्थिति में राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा.

सोनूघाट स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित रैली में राजभर ने कार्यकर्ताओं से हिम्मत नहीं हारने की अपील की. उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई अब गर्म हो रही है और कार्यकर्ताओं को आगे की तैयारी करनी चाहिए. इसी दौरान उन्होंने पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने की बात कही और मुख्यमंत्री पद को लेकर राजभर समाज का दावा सामने रखा. यह बयान ऐसे समय आया है जब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं.

राजभर ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण में हिस्सेदारी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग के आरक्षण में अलग-अलग जातियों को उनकी संख्या के हिसाब से हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. उन्होंने अपने प्रधानमंत्री से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि जातिवार जनगणना के बाद आरक्षण के बंटवारे का रास्ता आसान हो सकता है. 

उत्तर प्रदेश को अलग-अलग राज्यों में बांटने की मांग नई नहीं है. 2011 में तत्कालीन मायावती सरकार ने विधानसभा से पूर्वांचल, बुंदेलखंड, पश्चिम प्रदेश और अवध प्रदेश के रूप में चार हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव पारित कराया था. हालांकि फिलहाल उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन को लेकर कोई नया सरकारी फैसला नहीं हुआ है.

राजभर के ताजा बयान ने चुनावी माहौल में पूर्वांचल राज्य की पुरानी बहस को फिर चर्चा में ला दिया है.

Uttar Pradesh Four Parts Purvanchal State UP Reorganization Purvanchal CM OP Rajbhar Statement

Description of the author

Recent News