लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार रात शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभाग बदल दिए. इस फेरबदल में पंचायती राज विभाग सबसे ज्यादा चर्चा में है. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर और प्रमुख सचिव अनिल कुमार के बीच विभागीय कामकाज को लेकर मतभेद की खबरों के बीच अब अनिल कुमार को पंचायती राज से हटा दिया गया है. हालांकि, सरकार के आदेश में तबादले की वजह राजभर की शिकायत नहीं बताई गई है.
राजभर ने पंचायती राज विभाग में डिजिटल लाइब्रेरी समेत कुछ मामलों को लेकर अनिल कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की थी. अब नए फेरबदल में अनिल कुमार को प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, प्रमुख सचिव उपभोक्ता मामले और आयुक्त खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी दी गई है. उनकी जगह रविंद्र को प्रमुख सचिव पंचायती राज बनाया गया है.
लिस्ट में अमित कुमार घोष चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा से हटाकर अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा बनाया गया. अमृत अभिजात पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की जिम्मेदारी के साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार मिला. वी. हेकाली झिमोमीवन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन से हटाकर प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा बनाया गया.
महेंद्र प्रसाद अग्रवाल उच्च शिक्षा से हटाकर प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी मिली. अनिल कुमार पंचायती राज से हटे. अब प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी मिली है. डॉ. एमकेएस सुंदरम श्रम एवं सेवायोजन और प्राविधिक शिक्षा से हटाकर कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन तथा कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन की भार मिला है.
रविंद्र कृषि से जुड़े विभागों से हटाकर प्रमुख सचिव पंचायती राज बनाए गए. अमित गुप्ता स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के साथ प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार बनाया है. रणवीर प्रसाद खाद्य एवं रसद से हटाकर प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा बनाया गया. साथ ही यूपी के प्रमुख बिजली निगमों के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली. डॉ. आशीष कुमार गोयल ऊर्जा विभाग और बिजली निगमों की जिम्मेदारियों से हटाकर अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन बनाया गया.