समाजवादी पार्टी की नेता और अभिनेत्री स्वरा भास्कर (Actress Swara Bhaskar) के पति फहाद अहमद (Fahad Ahmed) एनसीपी-एससीपी (NCP-SCP) में शामिल हो गए हैं. उन्हें महाराष्ट्र की अणुशक्ति नगर (Anushakti Nagar) सीट से एनसीपी अजित पवार (NCP Ajit Pawar) की उम्मीदवार सना मलिक के खिलाफ मैदान में उतारा गया है. एनसीपी-एससीपी नेता जयंत पाटिल ने कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी की नेता और अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद एनसीपी-एससीपी में शामिल हो गए हैं. उन्हें अणुशक्ति नगर सीट से सना मलिक के खिलाफ मैदान में उतारा गया है.
एनसीपी नेता ने कहा कि बता दें कि स्वरा भास्कर और फहाद अहमद की शादी फरवरी 2023 में हुई थी. फहाद अहमद एक पढ़े-लिखे युवा मुस्लिम युवक हैं और उन्होंने देशभर में कार्यकर्ता के तौर पर काम किया है. लोग चाहते हैं कि हम ऐसे नेताओं को मौका दें. वह पहले समाजवादी पार्टी में थे, लेकिन हमारी सपा से बातचीत हुई और वह हमारी पार्टी में आ गए. हमने उन्हें अणुशक्ति नगर विधानसभा क्षेत्र से अपनी पार्टी से टिकट दिया.
अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को अणुशक्ति नगर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया. सना का नाम शुक्रवार को जारी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एनसीपी की सात उम्मीदवारों की दूसरी सूची में शामिल है. इसके साथ ही एनसीपी द्वारा घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 45 हो गई है.
उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उन्होंने कहा कि मुझे अणुशक्ति नगर से उम्मीदवार बनाया गया है. चूंकि लोग हमारे साथ हैं, इसलिए मुझे कोई परेशानी नहीं दिखती. उन्हें कोई भी उम्मीदवार बना लेना चाहिए. हालांकि मलिक को एनसीपी से टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा नेतृत्व उनकी उम्मीदवारी के खिलाफ है, क्योंकि उन पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में जांच चल रही है.
भाजपा नेताओं ने सार्वजनिक रूप से उनके बारे में अपनी आपत्ति जताई है. पार्टी के मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने शुक्रवार को कहा कि देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने स्पष्ट किया है कि नवाब मलिक महायुति गठबंधन का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि उन पर गंभीर आरोप हैं. मलिक ने अपनी ओर से मानखुर्द-शिवाजी नगर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है. उनके करीबी सहयोगी ने कहा कि अगर पार्टी उन्हें उम्मीदवारी नहीं भी देती है, तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे. नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे.