Ayodhya Crime News: अयोध्या से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक पुजारी की बेदर्दी से हत्या कर दी गई है. शव की हालत देख कर पूरे इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है.
दरअसल ये पूरा मामला इनायतनगर कोतवाली का है, जहां शाहगंज-बारून मार्ग पर एक मंदिर है, गांव से करीब 100 मीटर दूर बने मंदिर के पुजारी राज बहादुर यादव(60) को लोग बाब बेचन दास के नाम से जानते थे. बाबा बेचन दास इस मंदिर में करीब 30 साल से रह रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह जब लोग मंदिर में पहुंचे तो वहां बने कमरे में पुजारी का खून से लथपथ शव शव पड़ा हुआ था, चारों तरफ खून ही खून फैला हुआ था. कमरे का नजारा देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मंदिर प्रांगण में पहुंच गए. वहीं किसी ने इस घटना की जानकारी पुलिस को भी दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची.
पूरा घटनाक्रम पढ़िए
जिस मंदिर में बाबा बेचन दास रह रहे थे वहां तीन कमरे बने हुए थे, दो कमरों में भगवान की साज-सज्जा का सामान रखा जाता था, तो वहीं एक कमरे में पुजारी रहते थे. बाबा का परिवार नजदीक में ही बने घर में रहता था, बेचन दास के 5 बेटे हैं. जिनमें से सबसे बड़ा बेटा दिनेश सुबह मंदिर में साफ सफाई के लिए पहुंचता है, लेकिन उसे अपने पिता वहां दिखाई नहीं देते, तभी मंदिर के पास से गुजर रही एक महिला कमरे में पुजारी के शव को देखती है. जिससे इस नृशंस हत्याकांड की जानकारी लोगों को मिलती है.
रात 10 बजे मंदिर में सोने गए थे पुजारी
जानकारी के मुताबिक बाबा बेचन दास शाम करीब 7 बजे बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के कदी सराय धरेठा गांव में किसी पंडित जी के यहां पूजा पाठ करने गए थे. वहां से आने के बाद रात करीब 10 बजे अपने घर से खाना खाकर मंदिर में सोने के लिए चले गए थे. उसके बाद क्या हुआ इसकी जानकारी किसी को भी नहीं है.
तंत्र साधना भी करता था बाबा
ग्रामीणों का कहना है कि बाबा बेचन दास मंदिर में रह कर पूजा तो करते ही थे, इसके अलावा वो तंत्र साधना भी करते थे. किसी से बाबा की दुश्मनी थी या नहीं इस बारे में अभ तक कोई नाम सामने नहीं आया है.
हालांक पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस का कहना है कि अभी मामले की छानबीन कर रहे हैं जल्द ही असली गुनहगारों के नाम का खुलासा होगा.