उद्धमपुर में दिखे तीन आतंकी, बकरवाल परिवार से खाना मांगकर जलंगल में भागे

Amanat Ansari 29 Nov 2025 04:00: PM 1 Mins
उद्धमपुर में दिखे तीन आतंकी, बकरवाल परिवार से खाना मांगकर जलंगल में भागे

उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब तीन संदिग्ध आतंकवादियों ने देर रात एक बकरवाल परिवार के घर का दरवाजा खटखटाया और खाना मांगा. घटना बसंतगढ़ के ऊपरी इलाके में स्थित दूरस्थ गांव चिंगला-बलोठा की है. घर के मालिक ने डर के मारे तुरंत भागकर पुलिस को सूचना दी.

इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. घने जंगलों और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ियों में छिपे संदिग्धों की तलाश की जा रही है. अधिकारियों ने शनिवार को बताया, ''जंगल क्षेत्र में 2-3 संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली है. अभी तक कोई मुठभेड़ या संपर्क नहीं हुआ है.''

शुक्रवार को ही चिगला-बलोठा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की खुफिया सूचना मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ था, लेकिन बकरवाल परिवार की रिपोर्ट के बाद तलाशी को और तेज कर दिया गया. बता दें कि बसंतगढ़ कठुआ सेक्टर से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके आने वाले पाकिस्तानी आतंकियों का पारंपरिक घुसपैठ रास्ता है.

यहां से आतंकी डोडा, किश्तवाड़ होते हुए कश्मीर घाटी में दाखिल होने की कोशिश करते हैं. पिछले कुछ सालों में इस इलाके में कई मुठभेड़ें, ठिकानों का भंडाफोड़ और आतंकी घटनाएं हो चुकी हैं. अभी तलाशी अभियान में स्निफर डॉग्स, ड्रोन (UAV) और विशेष टीमें लगाई गई हैं. आसपास के गांवों में लोगों को घरों में रहने और कोई भी असामान्य गतिविधि तुरंत रिपोर्ट करने को कहा गया है.

फिलहाल कोई गोलीबारी या मुठभेड़ नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं. अधिकारियों का कहना है कि जब तक संदिग्धों का पता नहीं चल जाता या पूरा इलाका साफ नहीं घोषित कर दिया जाता, तब तक यह ऑपरेशन जारी रहेगा.

Udhampur security alert Basantgarh search operation Jammu and Kashmir terrorism

Recent News