नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिशिगन से डेमोक्रेटिक सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद (Abdul El-Sayed) पर तीखा और विवादित हमला बोला है. एक रैली में संबोधन के दौरान ट्रंप ने उन्हें ‘जिहादी’ करार देते हुए कहा, ''तुम कैसे हो, अब्दुल? अब्दुल एक जिहादी है...''
ट्रंप ने अब्दुल अल-सैयद को ‘मुस्लिम ब्रदरहुड का जिहादी सदस्य’ बताया और 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि अल-सैयद के परिवार के आतंकवादी संबंध रहे हैं. ट्रंप ने सवाल भी उठाया कि अगर अल-सैयद नवंबर के मिडटर्म चुनाव में जीत जाते हैं, तो क्या उन्हें अमेरिकी सीनेट में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा जांच करानी चाहिए और क्या उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच दी जानी चाहिए.
इस बीच फ्लोरिडा के डेटोना बीच में एक चुनावी रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप के भाषण को कई बार बाधित किया. कम से कम चार बार हंगामे के कारण उनका संबोधन रुक गया. एक रुकावट के दौरान ट्रंप गुस्से में प्रदर्शनकारी की ओर मुड़े और बोले, ''चुप हो जाओ, लूजर. कितना बड़ा लूजर है. इसे यहां से बाहर निकालो.''
ट्रंप ने शिकायत की कि ये प्रदर्शनकारी उनकी पंचलाइनों के बीच में दखल दे रहे हैं. अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन के लिए अब तक 4.3 करोड़ से अधिक लोगों ने वोट डाल दिए हैं. यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा इलेक्शन लैब के आंकड़ों के अनुसार हर दिन 40 से 50 लाख अर्ली वोट दर्ज हो रहे हैं.