जमुई: बिहार के जमुई जिले में दो लड़कियों की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लक्ष्मीपुर प्रखंड के नजारी गांव की रहने वाली नैंसी और राखी कुमारी बचपन की सहेलियाँ थीं, जो दोस्ती से आगे बढ़कर प्यार में बदल गई. दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला करते हुए शादी कर ली.
राखी ने शादी से पहले दिल्ली में जेंडर ट्रांजिशन (लिंग परिवर्तन) की प्रक्रिया कराई.
इसके बाद दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया, जिसमें राखी दूल्हा और नैंसी दुल्हन बनीं. शादी मलयपुर थाना क्षेत्र के पतनेश्वर मंदिर में संपन्न हुई. शादी के बाद नैंसी राखी के पैतृक गांव हरला पहुंची, जहां परिजनों ने पारंपरिक तरीके से दोनों का स्वागत किया. राखी के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया है. नैंसी ने बीपीएससी परीक्षा पास कर सरकारी शिक्षिका की नौकरी हासिल की है.
उनकी तैनाती गांव से महज तीन किलोमीटर दूर मेदिनीपुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हुई है. राखी के परिवार की सहमति के बावजूद नैंसी के घरवाले इस शादी से नाराज हैं. शादी की खबर मिलते ही नैंसी के परिजन राखी के घर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों वहां से जा चुकी थीं.
फिलहाल नैंसी के परिवार के साथ तनाव बना हुआ है. दोनों की इस अनोखी शादी का वीडियो सामने आने के बाद गांव से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बन गया है. यह मामला लव और प्यार की अपनी मरजी को लेकर काफी सुर्खियों में है.