सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक ऐसी त्रासदी घटी है जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. मात्र 18 दिन पहले दो सगी बहनों की शादी दो सगे भाइयों के साथ हुई थी. खुशियों से भरी नई जिंदगी शुरू होते ही एक भयानक सड़क हादसे ने सब कुछ छीन लिया. चकदही गांव के रहने वाले 26 वर्षीय विवेक यादव और उनके छोटे भाई विनय यादव गुजरात में नौकरी करते थे. 12 मई को उचेहरा के खोखर्रा गांव में दोनों भाइयों ने दो सगी बहनों से शादी की थी. शादी का रंग अभी बाकी था कि 30 मई को यह हादसा हो गया.
हादसा कैसे हुआ?
विवेक अपनी बाइक चला रहे थे. पीछे उनके छोटे भाई विनय और एक भाभी बैठी हुई थीं. सतना-मैहर बायपास पर उतैली मोड़ के पास सामने से आ रही एक निजी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे विवेक बस के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. विनय और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए. इन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से विनय की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया. लेकिन रीवा जाते वक्त रास्ते में ही विनय की सांसें थम गईं. भाभी का इलाज चल रहा है.
पूरे गांव में मातम
घर में जब यह खबर पहुंची तो चीख-पुकार मच गई. दो बहनों के हाथों से महज 18 दिनों में सुहाग छिन गया. पूरा परिवार और गांव मातम में डूब गया. दोनों भाई अभी अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे थे, सपने देख रहे थे, लेकिन किस्मत ने सब कुछ खत्म कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शवों के साथ सतना-रीवा रोड पर चक्का जाम कर दिया. सेमरिया चौक के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया गया.
कुछ लोगों ने बसों पर पथराव भी किया. बस ड्राइवर टक्कर के बाद बस छोड़कर फरार हो गया है. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दर्दनाक है. जहां एक तरफ दो युवा भाई अपनी पत्नियों के साथ नई शुरुआत करने वाले थे, वहीं दूसरी तरफ दो सगी बहनों की दुनिया अंधेरी हो गई. पूरा गांव इस त्रासदी पर गमगीन है.