वाशिंगटन: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में शादी के महज कुछ घंटे बाद एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में भारतीय मूल के 26 वर्षीय पायलट की जान चली गई. हादसा तब हुआ जब नवविवाहित जोड़ा हनीमून मनाने के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुआ था. मृतक पायलट का नाम डेव फिजी है.
वे डेल्टा एयरलाइंस में फर्स्ट ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे. उनका परिवार केरल का मूल निवासी है. शुक्रवार को जॉर्जिया के डॉसनविल में डेव और उनकी पत्नी जेस्नी का विवाह हुआ, जिसमें करीब 400 लोग शामिल हुए.
शादी समारोह समाप्त होने के बाद दोनों नवविवाहित जोड़ा Robinson R66 हेलीकॉप्टर में सवार होकर DeKalb-Peachtree Airport की ओर रवाना हुए. लेकिन यह उड़ान उनके लिए अंतिम साबित हुई. हेलीकॉप्टर डॉसन काउंटी के घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
पत्नी की गोद में तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद बचाव टीम को हेलीकॉप्टर का मलबा ढूंढने में काफी देर लगी. जेस्नी घायल अवस्था में करीब छह घंटे तक मलबे में फंसी रहीं. जब उनकी होश आई तो उन्होंने देखा कि डेव उनकी गोद में हैं, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं. जेस्नी एक नर्स हैं, इसलिए उन्होंने तुरंत समझ लिया कि डेव अब इस दुनिया में नहीं रहे. डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने यह दर्दनाक जानकारी दी.
मौसम को लेकर थी चिंता
परिवार के सदस्यों ने बताया कि डेव स्वयं अनुभवी पायलट थे. उड़ान भरने से पहले उन्होंने खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता (जीरो विजिबिलिटी) को लेकर गंभीर चिंता जताई थी. उन्होंने हेलीकॉप्टर पायलट से कहा था कि ऐसी स्थिति में उड़ान नहीं भरनी चाहिए, लेकिन पायलट ने ऊंचाई पर उड़ान भरने की बात कही. यह घटना नवविवाहित जोड़ों के सपनों को चकनाचूर करने वाली बेहद दुखद दुर्घटना बन गई है. स्थानीय प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है.