Petrol Diesel Price : पाकिस्तान में आम लोगों को महंगाई के बीच बड़ी राहत मिली है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर कटौती की है. ताजा फैसले के तहत पेट्रोल और डीजल करीब 22 रुपए प्रति लीटर तक सस्ते किए गए हैं. खास बात यह है कि पिछले सिर्फ 15 दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में यह दूसरी बड़ी कमी है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते दो हफ्तों में पाकिस्तान में पेट्रोल कुल 33 रुपए प्रति लीटर और डीजल करीब 34 रुपए प्रति लीटर तक सस्ता हो चुका है. लगातार हो रही इस कटौती से ट्रांसपोर्ट सेक्टर, कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट इसका बड़ा कारण है. फिलहाल क्रूड ऑयल की कीमत करीब 91 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जो पहले की तुलना में काफी कम मानी जा रही है. वैश्विक बाजार में तेल सस्ता होने का असर अब पाकिस्तान के घरेलू ईंधन बाजार में भी साफ दिखाई दे रहा है.
पाकिस्तान लंबे समय से आर्थिक चुनौतियों, महंगाई और बढ़ती लागत का सामना कर रहा है. ऐसे में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी को सरकार के लिए राहत भरे कदम के रूप में देखा जा रहा है. ईंधन सस्ता होने से परिवहन खर्च कम हो सकता है, जिसका असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है. हालांकि, आर्थिक जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में आगे होने वाले उतार-चढ़ाव पर ही आने वाले समय की कीमतें निर्भर करेंगी.