Monika Gourav Weading : उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़े दो चर्चित नाम, मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी और फर्रुखाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने शादी कर ली है. दोनों ने हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित एक निजी रिजॉर्ट में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में सात फेरे लिए. शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस रिश्ते की खूब चर्चा हो रही है.
गौरव चौधरी और मोनिका यादव दोनों ही अपने-अपने राजनीतिक सफर और निजी जीवन को लेकर पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं. यह दोनों की दूसरी शादी बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, दोनों का अपने पूर्व जीवनसाथियों से तलाक हो चुका है.
मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी राजनीति में आने से पहले विदेश में कारोबार करते थे। बताया जाता है कि वे जर्मनी में बिजनेस से जुड़े रहे. भारत लौटने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और वर्ष 2021 में जिला पंचायत अध्यक्ष पद जीतकर तेजी से पहचान बनाई. उनकी पहली शादी से एक बेटी भी है.
वहीं, मोनिका यादव फर्रुखाबाद के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से संबंध रखती हैं. उनके पिता नरेंद्र यादव समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके हैं और क्षेत्रीय राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं. मोनिका ने भी 2021 में जिला पंचायत राजनीति में बड़ा दांव खेला था. उस दौरान उन्होंने राजनीतिक समीकरण बदलते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी हासिल की थी.
मोनिका यादव की पहले समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव से शादी हुई थी, लेकिन बाद में दोनों के रास्ते अलग हो गए. अब गौरव चौधरी और मोनिका यादव के विवाह ने राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर लोगों का ध्यान खींचा है. उनकी शादी को लेकर समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.