Rahul Gandhi Meet Auto Driver : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को ऑटो चालकों के साथ मुलाकात कर उनकी समस्याओं को करीब से समझने की कोशिश की. राजधानी के एक पार्क में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ऑटो ड्राइवरों के बीच जमीन पर बैठकर भोजन करते नजर आए. इस मुलाकात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ऑटो चालक उनके साथ बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं.
बताया जा रहा है कि इस दौरान ऑटो चालकों ने बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि और कमाई घटने जैसी परेशानियों को खुलकर सामने रखा. ड्राइवरों का कहना था कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन किराए में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई है. ऐसे में रोजमर्रा का खर्च निकालना मुश्किल होता जा रहा है. कई बार ज्यादा किराया मांगने पर यात्रियों से विवाद की स्थिति भी बन जाती है.
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिला है. इसका असर भारत में भी पेट्रोल और डीजल के दामों पर पड़ा है। बीते कुछ दिनों में ईंधन के दामों में कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों पर भी अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ा है.
ऑटो चालकों ने राहुल गांधी से मांग की कि सरकार को ईंधन की कीमतों पर नियंत्रण के लिए कदम उठाने चाहिए और छोटे परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को राहत दी जानी चाहिए. वहीं कांग्रेस नेता ने उनकी समस्याएं सुनने के बाद भरोसा दिलाया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा.