मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक जोरदार सड़क दुर्घटना में NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) के डिप्टी एसपी की मौत हो गई. हादसे में उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई. 32 वर्षीय ईशान मेहरा पंजाब के मोहाली निवासी थे और दिल्ली स्थित NIA ऑफिस में डिप्टी एसपी के पद पर तैनात थे. वे अपनी महिला मित्र पूनम के साथ बाइक से दिल्ली से बाजपुर की ओर जा रहे थे.
रात करीब 11:30 बजे कटघर थाना क्षेत्र के देवापुर गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे एक कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर फेंक दिए गए. पुलिस ने दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ईशान मेहरा को मृत घोषित कर दिया. घायल पूनम का इलाज चल रहा है.
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. यह हादसा हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़ा करता है.