लखनऊ/मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को मुरादाबाद एयरपोर्ट पर एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए. उनके सरकारी विमान के टेक-ऑफ के दौरान अचानक एक इंजन फेल हो गया और उसमें से धुआं निकलने लगा. त्वरित एक्शन के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और डिप्टी सीएम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
जानकारी के अनुसार, ब्रजेश पाठक यूपी सरकार के विमान से मुरादाबाद से प्रस्थान करने वाले थे. विमान रनवे पर आगे बढ़ ही रहा था कि अचानक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई. विमान के बाहरी हिस्से से धुआं निकलता देख सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा टीम की तेजी से डिप्टी सीएम को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया.
इस घटना से पूरे एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया, हालांकि विमान को नियंत्रित स्थिति में रोक लिया गया. फिलहाल तकनीकी टीम इंजन की जांच कर रही है.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक इस घटना में सकुशल हैं. घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों ने रिपोर्ट तलब कर ली है. यह घटना एक बार फिर विमान रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाती है.