ट्विशा शर्मा मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग खारिज

Amanat Ansari 20 May 2026 07:15: PM 2 Mins
ट्विशा शर्मा मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग खारिज

भोपाल: सेवानिवृत्त न्यायाधीश की बहू ट्विशा शर्मा (33) की संदिग्ध मौत के मामले में आज महत्वपूर्ण अपडेट आया है. भोपाल की अदालत ने मृतका के परिजनों की याचिका को ठुकरा दिया है, जिसमें उन्होंने दिल्ली के एम्स में दूसरी बार पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी थी. कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया कि शव का दोबारा पोस्टमार्टम नहीं होगा. हालांकि, परिजनों को राहत देते हुए अदालत ने कहा कि वे ट्विशा के शरीर को मध्य प्रदेश के किसी भी सुरक्षित शवगृह या मोर्चरी में संरक्षित रख सकते हैं.

शव संरक्षण की चुनौती

वर्तमान में शव को भोपाल एम्स में माइनस 4 डिग्री तापमान पर रखा गया है. लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर को सड़ने से बचाने के लिए माइनस 80 डिग्री का तापमान जरूरी है, जो भोपाल में उपलब्ध नहीं है. अदालत ने फरार आरोपी पति समर्थ सिंह को 23 मई को पेश होने के लिए समन जारी किया है. पुलिस ने कहा कि यदि वह पेश नहीं हुए तो उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया जाएगा.

परिजनों की आपत्ति और कोर्ट का रुख

ट्विशा के मायके पक्ष ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे. उनका आरोप था कि शरीर पर लगी चोटों के निशान छिपाए गए हैं और लटकने वाली रस्सी या वस्तु का भी जिक्र नहीं किया गया. उन्होंने आशंका जताई कि ससुराल पक्ष के प्रभाव के कारण स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच मुश्किल है, इसलिए दिल्ली एम्स में दोबारा जांच चाहते थे. कोर्ट ने केस डायरी और मौजूद सबूतों की जांच के बाद याचिका खारिज कर दी.

सीएम से मुलाकात के बावजूद टूटी उम्मीदें

इस फैसले से पहले ट्विशा के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी. CM ने आश्वासन दिया था कि राज्य सरकार मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI को पत्र लिखेगी और जरूरत पड़ने पर शव को दिल्ली ले जाने के लिए सरकारी मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया था कि दोबारा पोस्टमार्टम का अंतिम निर्णय अदालत ही करेगी. अब कोर्ट के फैसले के बाद परिजनों की दोबारा पोस्टमार्टम और दिल्ली शिफ्ट की योजना पर पानी फिर गया है.

अगली कार्रवाई पर दबाव

मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित SIT की जांच जारी है. मुख्यमंत्री द्वारा CBI जांच की सिफारिश के बाद अब पुलिस पर फरार पति समर्थ सिंह (वकील) और सास गिरीबाला सिंह के खिलाफ सख्त और पारदर्शी कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है. परिजन अब भी न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

Twisha Sharma Case Bhopal Court Second Post-Mortem T wisha Sharma Re-Autopsy

Recent News