कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी के एक और जनप्रतिनिधि की गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव नगर पालिका के वार्ड नंबर 22 के पार्षद सुकुमार राय को पुलिस ने उनके घर से कथित आपत्तिजनक गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक बहस तेज हो गई है.
मामला बनगांव थाना क्षेत्र के कालुपुर पांचपोता इलाके का बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्षद के घर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं और बाहर से लोगों को बुलाकर देह व्यापार कराया जाता था. ग्रामीणों ने कई बार इसका विरोध भी किया, लेकिन कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
18 मई को एक बार फिर घर में संदिग्ध आवाजाही देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने छापेमारी की. मौके से पार्षद सुकुमार राय के साथ दो महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने घर से बियर की बोतलें भी बरामद की हैं। हिरासत में ली गई महिलाएं नदिया जिले के शांतिपुर की रहने वाली बताई जा रही हैं.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिसकर्मी पार्षद को पकड़कर बाहर ले जाते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान पार्षद लगातार खुद को छोड़ने की गुहार लगाते नजर आए. हालांकि, सुकुमार राय ने सभी आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि महिलाएं उनके घर किराए पर कमरा लेने आई थीं और उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.