
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा के आखिरी पड़ाव पर इटली की राजधानी रोम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से द्विपक्षीय मुलाकात हुई. दोनों नेताओं के बीच बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल रहा.

मेलोनी ने पीएम मोदी के सम्मान में डिनर का आयोजन किया और उन्हें रोम के प्रसिद्ध ऐतिहासिक कोलोसियम की सैर भी कराई. मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-इटली के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की.

दोनों देशों ने मेड इन इटली और मेक इन इंडिया के बीच प्राकृतिक तालमेल पर जोर दिया. 2029 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को 20 अरब यूरो से आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया. विशेषज्ञों ने दावा किया है कि इस डील से भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ेगा.

दोनों देशों के बीच रक्षा एवं एयरोस्पेस, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, मशीनरी, ऑटोमोबाइल, दवाइयां, कृषि-खाद्य क्षेत्र और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी. यह मुलाकात भारत-इटली संबंधों को नई ऊंचाई देने वाली मानी जा रही है.

इटली की कंपनियों की भारत में बढ़ती रुचि और दोनों देशों में 1000 से अधिक संयुक्त उद्यमों का जिक्र किया गया. पीएम मोदी ने भारतीय संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ सिद्धांत का उल्लेख किया, जिस पर दोनों नेताओं ने सहमति जताई.
