weather today : देश के कई हिस्सों में इस समय मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है. एक तरफ उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, तो दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कई इलाकों में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है. दिल्ली में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों का हाल बेहाल हो गया है.
दिल्ली-एनसीआर, यूपी और राजस्थान के कई जिलों में दिनभर गर्म हवाएं चल रही हैं. दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है.
इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने राहत भरी खबर भी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो सकता है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. पश्चिम बंगाल में 21 से 23 मई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार में 20 से 26 मई तक अलग-अलग जिलों में बारिश होने की संभावना है. वहीं, झारखंड में 21 से 26 मई के बीच बारिश और आंधी का अनुमान जताया गया है. ओडिशा में भी 22 से 24 मई के दौरान गरज, बिजली और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम करवट लेने वाला है, यहां तेज हवाओं, बिजली कड़कने और बारिश की संभावना जताई गई है.
दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे सकती है.