हावड़ा: पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनते ही अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है. शुभेंदु सरकार के प्रशासन ने हावड़ा रेलवे स्टेशन के बाहर गंगा घाट और बस स्टैंड के आसपास सालों से कब्जे में चल रही अवैध दुकानों पर बुलडोजर चला दिया.
एक ही अभियान में कई अस्थायी और स्थायी निर्माण हटा दिए गए. फुटपाथ और सार्वजनिक जगहों पर कब्जा करके चलाए जा रहे इन व्यवसायों को हटाने के लिए भारी पुलिस बल के साथ रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की टीम मौजूद रही.
यह पूरा इलाका रेलवे की जमीन पर आता है. इसलिए रेलवे सुरक्षा बल की देखरेख में यह कार्रवाई की गई. प्रशासन का कहना है कि स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण-मुक्त करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
कार्रवाई के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. स्थानीय दुकानदारों को इस सख्ती का अंदाजा नहीं था, जिससे कई लोग सकते में आ गए. नई सरकार सत्ता संभालते ही अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई कर रही है, और हावड़ा का यह मामला उसी सिलसिले की ताजा कड़ी है.