रांची: झारखंड के गिरिडीह जिले में एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला अजीब मोड़ लेते हुए और भी विचित्र हो गया. जिस युवक को युवती की हत्या का आरोपी बनाया गया है, उसी ने शव के साथ प्रतीकात्मक शादी के रीति-रिवाज पूरे किए और फिर चिता जलाई. दोनों परिवारों ने चार महीने पहले ही उनकी शादी तय कर ली थी.
घटना की पूरी कहानी
मनीष मुर्मू नाम के आरोपी ने सगाई के बाद अपनी मंगेतर को घर ले आया और उसके साथ रहने लगा. लड़की के परिवार का आरोप है कि मनीष ने शादी का बहाना बनाकर उसे जबरन अपने घर रख लिया. इसी दौरान लड़की की तबीयत बिगड़ने लगी और आखिरकार उसकी मौत हो गई. लड़की के पिता ने पुलिस में FIR दर्ज कराई है. FIR में आरोप लगाया गया है कि मनीष ने अपनी मंगेतर को बुरी तरह पीटा और शादी न करने के लिए उसे ज़हर खाने के लिए मजबूर किया, जिससे उसकी मौत हो गई.
सगाई के बाद से दोनों चार महीने से साथ रह रहे थे. जब लड़की के माता-पिता ने शादी के लिए दबाव डाला तो शुक्रवार सुबह उन्हें बताया गया कि लड़की बीमार है. परिवार पहुंचा तो उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शव से की शादी
पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों परिवार शव लेने से इनकार कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस शव को थाने ले आई, जहां वह रात भर रखा रहा. शनिवार को पुलिस भारी सुरक्षा के बीच शव को मनीष के गांव ले गई. पुलिस की समझाइश के बाद शव मनीष के घर पहुंचाया गया.
परिवार की मांग पर पुलिस सुरक्षा में मनीष को भी वहां लाया गया. इसके बाद मनीष ने अपनी मंगेतर के मांग में सिंदूर भर दिया, शादी के अन्य रिवाज पूरे किए और फिर उसकी अंतिम संस्कार की चिता जलाई. मनीष मुर्मू को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस दोनों परिवारों के बीच तनाव को देखते हुए भारी सुरक्षा व्यवस्था में मामला संभाल रही है.