Kolkata Violence : कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में रविवार को सड़क पर नमाज पढ़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई. स्थिति उस समय बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जिसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी. जवाब में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है.जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी सड़क पर सामूहिक नमाज की अनुमति की मांग कर रहे थे.
पुलिस ने ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए सड़क खाली कराने की कोशिश की. इसी दौरान दोनों पक्षों में टकराव बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई.घटना के तुरंत बाद कोलकाता पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी. हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पार्क स्ट्रीट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रशासन कई मुद्दों पर सख्त कार्रवाई करता दिखाई दे रहा है.
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक स्थानों पर नियम लागू कराने को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं. इसी बीच पार्क स्ट्रीट की यह घटना अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गई है.