वर्धा: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में सेंट्रल अम्यूनिशन डिपो के पुलगांव फायरिंग रेंज पर शुक्रवार को फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी की दुर्घटना में मौत हो गई. मृतक अधिकारी की पहचान सुबेदार मेजर ओम बहादुर खांड के रूप में हुई है, जो जूनियर कमीशंड अधिकारियों में सबसे उच्च पद है.
डिफेंस पीआरओ द्वारा जारी प्रेस रिलीज में कहा गया, "यह दुख के साथ सूचित किया जाता है कि 15 मई 2026 को सेंट्रल अम्यूनिशन डिपो, पुलगांव में रूटीन फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स के जूनियर कमीशंड अधिकारी सुबेदार मेजर ओम बहादुर खांड की फायरिंग रेंज पर हुए फायरिंग एक्सीडेंट में मौत हो गई."
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार, ओम बहादुर की यूनिट ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है और मामला जांच के अधीन है. घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है.