पटना: पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से मगध रेंज के सभी पुलिस स्टेशनों में 'लोक संवाद गोष्ठियां' आयोजित की जाएंगी. इन गोष्ठियों की शुरुआत 6 जून 2026 (जून माह का प्रथम शनिवार) से होगी. हर शनिवार दोपहर 4 बजे से 5 बजे तक थानों में यह कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा.
मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने ग्लोबल भारत टीवी से बातचीत में कहा, “मुझे उम्मीद है कि लोक संवाद गोष्ठियां मगध रेंज में पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध सुनिश्चित करेंगी.” कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों को थाने में आमंत्रित किया जाएगा, जहां वे अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे. पिछले वर्षों में आयोजित ऐसी गोष्ठियों में जनता की भागीदारी सराहनीय रही थी और कई स्थानीय मुद्दों का मौके पर ही समाधान हुआ था.
पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह के नियमित संवाद से पुलिस की छवि में सुधार होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता का विश्वास मजबूत होगा. सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि 6 जून 2026 को होने वाली पहली लोक संवाद गोष्ठी को सफल बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दें. यह पहल मगध रेंज में सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.