लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को एक स्कूल के अंदर गोलीकांड से हड़कंप मच गया. एक युवक स्कूल में घुसकर महिला शिक्षिका को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी. दोनों की मौत हो गई. घटना से स्कूल में भगदड़ मच गई और मासूम बच्चे सहम गए. यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल का है.
पुलिस के अनुसार, करीब 30 वर्षीय युवक मोहम्मद सऊद अवैध असलहा लेकर स्कूल के अंदर दाखिल हुआ. उसने करीब 28 वर्षीय महिला टीचर निशात फातिमा से बातचीत की और उन्हें दूसरी मंजिल पर ले गया. वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई. इसके बाद युवक ने शिक्षिका पर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं. शिक्षिका के गिरते ही उसने उसी हथियार से अपनी कनपटी पर गोली चला ली.
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है. निशात फातिमा करीब एक साल से इस स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं. गोली चलने की आवाज सुनकर शिक्षक और बच्चे क्लासरूम से बाहर निकले तो दोनों की लाशें पड़ी मिलीं. वारदात की सूचना मिलते ही डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसएसपी और अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया.
फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए. शहर कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल की जांच चल रही है. पुलिस दोनों के परिजनों से जानकारी जुटा रही है और स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल कर रही है. इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.