भाजपा छोड़ बसपा में शामिल हुए अजय जायसवाल घोसी से प्रत्याशी! मायावती के निर्देश पर बड़ा ऐलान

Amanat Ansari 21 Sep 2026 11:46 AM 1 Mins
भाजपा छोड़ बसपा में शामिल हुए अजय जायसवाल घोसी से प्रत्याशी! मायावती के निर्देश पर बड़ा ऐलान

मऊ: बहुजन समाज पार्टी ने मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से अजय जायसवाल को अपना प्रभारी प्रत्याशी घोषित कर दिया है. मायावती के निर्देश पर आजमगढ़ मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने कोपागंज में आयोजित विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन में भारी भीड़ के बीच यह ऐलान किया. अजय जायसवाल हाल ही में भाजपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए थे. करीब एक महीने पहले उन्होंने भाजपा का दामन छोड़ बसपा का साथ चुना था.

वे लंबे समय से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और समर्थक रहे हैं. व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता अजय जायसवाल सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं. कार्यकर्ता महासम्मेलन में बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस राजभर सहित जिले के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. दिनेश चंद्रा ने मंच से कहा कि प्रदेश का सर्व समाज, दबे-कुचले और परेशान लोग मायावती को फिर से मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं.

उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनाव में उनके सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है. सपा द्वारा लगाए जा रहे ‘कमल और हाथी साथ हैं’ जैसे आरोपों पर दिनेश चंद्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा मुखिया का आधा परिवार खुद भाजपा में शामिल है, इसलिए सपा को पहले अपने परिवार की चिंता करनी चाहिए. उन्होंने बताया कि अजय जायसवाल के सामाजिक कार्यों और स्थानीय लोगों की इच्छा को देखते हुए बहन जी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है.

प्रत्याशी घोषित होने के बाद अजय जायसवाल ने कहा कि वे पिछले 10 सालों से घोसी में घर-घर जाकर समाज सेवा कर रहे हैं. शिक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है. वे हर साल जीके कंपटीशन कराकर 100 बच्चों को प्रोत्साहित करते हैं. उनके पास 8 शव वाहन और बसें हैं. वे हर साल कंबल बांटते हैं. बसपा ने मऊ जिले की चार में से अब तक तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं.

Mayawati Ajay Jaiswal BJP BSP

Recent News