योगी की पाती में बड़ा ऐलान! 25-29 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, युवाओं से खास अपील

Amanat Ansari 21 Sep 2026 12:32 PM 1 Mins
योगी की पाती में बड़ा ऐलान! 25-29 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, युवाओं से खास अपील

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए ‘योगी की पाती’ जारी की है. इसमें उन्होंने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण की जानकारी दी है. यह शो 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने जा रहा है. मुख्यमंत्री ने लिखा है कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक मंच मिले, कारीगरों, उद्यमियों और नवप्रवर्तकों की मेहनत को दुनिया पहचाने, इसी उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन वर्ष 2023 में शुरू किया गया था.

डबल इंजन सरकार ने जब प्रदेश की सेवा का दायित्व

संभाला, तब सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में रोजगार सृजन था. आज एमएसएमई सेक्टर और ओडीओपी जैसी पहलों के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं. इसकी सफलता से प्रेरित होकर ही ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ जैसी नई पहल शुरू की गई है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को बीमारू प्रदेश की छवि से बाहर निकालकर उत्सव प्रदेश बनाना बड़ी चुनौती थी, लेकिन आज प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है. निर्यात में हमारी भागीदारी ₹2 लाख करोड़ से अधिक है.

देश-विदेश के उद्यमी उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं. ₹15 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतर चुका है. बड़े पैमाने पर निवेश से निर्यात बढ़ता है, जिससे रोजगार के नए अवसर बनते हैं. इसका लाभ प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं को मिलता है. मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल बाजार और जनशक्ति नहीं, बल्कि यहां के युवाओं के कौशल, कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों की प्रतिभा भी है.

प्रदेश का युवा रोजगार पाने वाला नहीं, अपितु रोजगार देने वाला उद्यमी बने. सरकार ने इसी सोच के साथ युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं. स्टार्टअप नीति-2026 और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना जैसी पहलों से नवाचार, कौशल, उत्पाद विकास और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. योगी आदित्यनाथ ने युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं.

बड़ी संख्या में आएं, नए संपर्क और नए बाजार को समझें तथा अपनी प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप नए अवसर तलाशें. उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाएं और आसपास उपलब्ध अवसरों को पहचानें. उन्होंने कहा कि आपके प्रयासों से स्थानीय सामर्थ्य वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा और इसी के बल पर हम वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए विकसित उत्तर प्रदेश के स्वप्न को साकार करेंगे. 

#UPInternationalTradeShow #YogiAdityanath #GreaterNoida

Recent News